Archive Notice: This article was originally published on 18 मई 2026.
Information, figures, and context may have changed since the time of publication.

सीकर जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से आज प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस मनाया जाएगा। जिले के सरकारी अस्पतालों में गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की विशेष जांच कर उन्हें गर्भावस्था के दौरान बरती जाने वाली जरूरी सावधानियों की जानकारी दी जाएगी।

सरकारी अस्पतालों में विशेष जांच शिविर

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक महरिया ने बताया कि गर्भावस्था और प्रसव के दौरान जोखिम कम करने के उद्देश्य से प्रत्येक माह की 9, 18 और 27 तारीख को जिले के सरकारी चिकित्सालयों में यह अभियान चलाया जाता है।

इसके तहत जिला अस्पताल, उप जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

गर्भवती महिलाओं की होगी कई जरूरी जांच

जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विशाल सिंह ने बताया कि गर्भवती महिलाओं की हिमोग्लोबिन, एचआईवी, सिफलिस, ब्लड प्रेशर, तापमान सहित अन्य जरूरी जांच की जाएगी।

साथ ही हृदय स्पंदन और प्रसव से जुड़ी संभावित जटिलताओं की भी जांच होगी, ताकि समय रहते उपचार सुनिश्चित किया जा सके।

मुफ्त सोनोग्राफी के लिए मिलेंगे कूपन

विभाग के PCTS सॉफ्टवेयर में पंजीकृत गर्भवती महिलाओं को उनकी LMP तारीख के अनुसार दूसरी और तीसरी तिमाही में मॉ वाउचर योजना के तहत कूपन दिए जाएंगे।

इन कूपनों के जरिए महिलाएं विभाग से अधिकृत निजी सोनोग्राफी केंद्रों पर निःशुल्क सोनोग्राफी करवा सकेंगी।

स्वास्थ्य विभाग की अपील

स्वास्थ्य विभाग ने जिले की सभी गर्भवती महिलाओं से नजदीकी सरकारी अस्पताल में पहुंचकर जांच करवाने और चिकित्सकों की सलाह का पालन करने की अपील की है।

विशेषज्ञों के अनुसार नियमित जांच से गर्भावस्था के दौरान होने वाले जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...