सरदारशहर, चूरू। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी बुधवार को सरदारशहर पहुंचे। उन्होंने पूर्व केन्द्रीय मंत्री दौलतराम सहारण की पुण्यतिथि पर आदर्श कन्या छात्रावास एवं नारी शिक्षा विकास केन्द्र में स्थापित प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
पूर्व मंत्री सहारण को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
मंत्री चौधरी ने कहा कि दौलतराम सहारण के विचार आज भी प्रेरणा देते हैं। वे किसानों के प्रति संवेदनशील और नारी शिक्षा एवं सामाजिक सुधारों के लिए समर्पित थे। हमें उनके आदर्शों पर चलकर समाज को दिशा देनी चाहिए।
किसानों और महिलाओं पर केंद्रित रहा संबोधन
चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में कृषक हित सर्वोपरि है। सरकार द्वारा यूरिया-डीएपी आपूर्ति, बीमा क्लेम समाधान जैसे विषयों पर कार्य किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि 33% महिला आरक्षण से महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिलेगी।
कृषि में रसायनों के प्रयोग पर दी चेतावनी
उन्होंने किसानों से अपील की कि मिट्टी की जांच करवा कर ही फसल बोएं और हानिकारक रसायनों से बचें। इससे पर्यावरण और भूमि की उर्वरता बनी रहेगी।
कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति
कार्यक्रम में ट्रंपेट प्लेयर आमिर बियानी ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को भावुक बना दिया।
समाज के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही विशेष
इस अवसर पर सभापति राजकरण चौधरी, सत्यनारायण, मधुसूदन राजपुरोहित, सुशीला सहारण सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। संचालन में श्योकरण पोटलिया, गिरधारी पारीक, अशोक आदि का सहयोग रहा।