चूरू चूरू के राजकीय भरतिया अस्पताल परिसर स्थित मातृ एवं शिशु अस्पताल में बुधवार को एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। सिजेरियन प्रसव के लिए भर्ती एक महिला के ऑपरेशन थिएटर से बाहर आने के बाद उसके कानों से सोने के झुमके गायब मिले, जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

सिजेरियन डिलीवरी के बाद सामने आया मामला

जानकारी के अनुसार, प्रसूता सुधा को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे थे। चिकित्सकों ने जांच के बाद सिजेरियन डिलीवरी की सलाह दी, जिसके बाद उन्हें ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया।

परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन थिएटर में ले जाते समय महिला के कानों में सोने के झुमके थे। लेकिन ऑपरेशन के बाद जब उसे बाहर लाया गया तो झुमके गायब थे।

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

पीड़िता की ननद विमलेश ने आरोप लगाया कि झुमके ऑपरेशन थिएटर के भीतर ही गायब हुए हैं। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी की पहचान करने और सोने के झुमके बरामद करने की मांग की है।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए हंगामे की स्थिति भी बनी रही।

अस्पताल प्रशासन ने जांच का दिया भरोसा

अस्पताल अधीक्षक डॉ. दीपक चौधरी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ गया है। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची है।

उन्होंने कहा कि लिखित शिकायत प्राप्त होने के बाद पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...