चूरू जिले में नशे के कारोबार पर लगातार शिकंजा कस रही पुलिस को गुरुवार को बड़ी सफलता मिली। ‘ऑपरेशन नकेल’ के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने शहर में सप्लाई होने से पहले करीब 55 ग्राम हेरोइन बरामद करते हुए दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।

यह कार्रवाई तारा नगर रोड स्थित कोसी धोरा के पास मुखबिर की सूचना पर की गई।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

कोतवाली थाना के सब इंस्पेक्टर कृष्णराम बिश्नोई ने बताया कि पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने कोसी धोरा के पास घेराबंदी कर दो संदिग्ध युवकों को रोका और उनकी तलाशी ली।

दोनों आरोपियों से 55 ग्राम हेरोइन बरामद

तलाशी के दौरान तनवीर (24) निवासी ईदगाह कॉलोनी के कब्जे से 22 ग्राम तथा मन्नान (24) निवासी चमन बास के कब्जे से 33 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर मादक पदार्थ जब्त कर लिया।

पुलिस के अनुसार बरामद कुल 55 ग्राम हेरोइन की कीमत लगभग 5 लाख रुपये आंकी गई है।

तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि हेरोइन की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

इस कार्रवाई में कांस्टेबल सुनील धायल और नवीन कुमार की विशेष भूमिका रही।


Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...