272 ग्राम गांजा और 72 चिलम पाइप के साथ तस्कर गिरफ्तार
चूरू जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन नकेल” के तहत हमीरवास थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 272 ग्राम अवैध गांजा और गांजा पीने में उपयोग होने वाली 72 कागज़ की चिलमनुमा पाइप बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार जब्त किए गए गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 13,600 रुपये आंकी गई है।
सांखू बस स्टैंड पर हुई कार्रवाई
जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम के निर्देश तथा राजगढ़ वृत्त के अधिकारियों के सुपरविजन में पुलिस टीम ने सांखू बस स्टैंड स्थित स्वामी टी स्टाल के सामने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील स्वामी (35) पुत्र छगनलाल, निवासी खारिया बास के रूप में हुई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
थानाधिकारी राय सिंह के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल पवन कुमार, कांस्टेबल सुरेंद्र, हरीश और चालक रामपाल की टीम ने गश्त के दौरान यह कार्रवाई की।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नशे के कारोबारियों पर कार्रवाई रहेगी जारी
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आमजन से भी अपील की गई है कि अवैध नशे के कारोबार की सूचना देकर पुलिस का सहयोग करें।






