शिक्षा विभाग द्वारा जारी जुलाई माह की राज्य स्तरीय जिला रैंकिंग में सीकर जिले ने प्रथम स्थान हासिल किया है। विभाग के अनुसार यह उपलब्धि मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी किरण सैनी के नेतृत्व में विभिन्न इकाइयों के समन्वित प्रयास, योजनाबद्ध कार्यप्रणाली और ब्लॉक स्तर तक प्रभावी मॉनिटरिंग का परिणाम है।

मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में एडीपीसी सीकर, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक), जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) तथा जिले के सभी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों (सीबीईओ) ने निर्धारित रैंकिंग मानकों पर योजनाबद्ध ढंग से कार्य किया। साथ ही शाला दर्पण पोर्टल पर समयबद्ध और शत-प्रतिशत डेटा फीडिंग सुनिश्चित करने के लिए लगातार समीक्षा और मॉनिटरिंग की गई।

इन मानकों पर रहा बेहतर प्रदर्शन

विभाग के अनुसार सीकर जिले ने विद्यार्थी उपस्थिति, विद्यालय विजिट लक्ष्य, शिक्षक ऐप एंगेजमेंट, विद्यालयों में शौचालय एवं पेयजल उपलब्धता तथा सीबीए परिणाम जैसे प्रमुख मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इन मानकों के आधार पर जिले को 45 अंक प्राप्त हुए, जिससे सीकर राज्य स्तरीय जिला रैंकिंग में पहले स्थान पर रहा।

टीमवर्क को बताया सफलता का आधार

इस उपलब्धि पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने जिले के सभी सीबीईओ, संस्था प्रधानों, शिक्षकों और शिक्षा विभाग से जुड़े कार्मिकों के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए इसे पूरी टीम की सफलता बताया।

अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी सीकर जिला गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रभावी शैक्षिक प्रबंधन और नवाचारों के माध्यम से प्रदेश में अपनी अग्रणी पहचान बनाए रखेगा।

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...