मुंबई, (अनिल बेदाग)। अभिनेत्री दिशा पाटनी अपनी आगामी फिल्म ‘आवारापन 2’ को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म के टीज़र में उनकी छोटी-सी झलक ने ही सोशल मीडिया पर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। इस फिल्म में दिशा का लुक और किरदार उनके अब तक के अभिनय से बिल्कुल अलग नजर आ रहा है।
‘वेलकम टू जंगल’ के बाद दिशा इस फिल्म के जरिए एक नए और भावनात्मक किरदार में दिखाई देंगी।
टीज़र में दिखा शांत और रहस्यमयी अंदाज़
फिल्म के टीज़र में दिशा पाटनी लाल रंग की ड्रेस में सेलो बजाते हुए दिखाई देती हैं। उनका शांत, गंभीर और रहस्यमयी लुक इस बात का संकेत देता है कि फिल्म में उनका किरदार कहानी का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा।
हालांकि, निर्माताओं ने अभी तक उनके किरदार से जुड़ी ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है, जिससे फिल्म को लेकर रहस्य और रोमांच बना हुआ है।
इमरान हाशमी के साथ पहली बार स्क्रीन शेयर
‘आवारापन 2’ में दिशा पाटनी अभिनेता इमरान हाशमी के साथ नजर आएंगी। दोनों की नई जोड़ी को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी चर्चा है। माना जा रहा है कि फिल्म भावनात्मक कहानी और दमदार किरदारों के साथ दर्शकों को जोड़ने का प्रयास करेगी।
करियर के लिए अहम साबित हो सकती है फिल्म
फिल्मी जानकारों का मानना है कि ‘आवारापन 2’ दिशा पाटनी के करियर का अहम पड़ाव साबित हो सकती है। इस फिल्म के जरिए वह सिर्फ ग्लैमरस छवि तक सीमित न रहकर एक गंभीर और परिपक्व अभिनेत्री के रूप में अपनी पहचान मजबूत करने की कोशिश करती नजर आएंगी।





