झुंझुनूं अखिल भारतीय किसान महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक 2 और 3 जुलाई को झुंझुनूं के सामुदायिक विकास भवन में आयोजित होगी। दो दिवसीय बैठक में देश के विभिन्न राज्यों से किसान नेता शामिल होंगे और कृषि क्षेत्र से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करेंगे।

बैठक में किसानों से जुड़े राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय विषयों पर विचार-विमर्श के साथ भविष्य की रणनीति भी तय की जाएगी।

कई राज्यों के किसान नेता होंगे शामिल

आयोजकों के अनुसार बैठक में राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों के किसान प्रतिनिधि और पदाधिकारी भाग लेंगे।

बैठक में अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कामरेड रूल्दू सिंह (मानसा), राष्ट्रीय महासचिव एवं काराकाट सांसद कामरेड राजाराम सिंह सहित संगठन के अन्य राष्ट्रीय पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

इन प्रमुख मुद्दों पर होगी चर्चा

राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में किसानों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है। इनमें एमएसपी को सी2+50% (C2 आधारित) फार्मूले के अनुसार तय कर कानूनी गारंटी देने की मांग, भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते के कृषि क्षेत्र पर संभावित प्रभाव, स्मार्ट मीटर योजना, नई कृषि विपणन नीति, नई राष्ट्रीय सहकारिता नीति और यमुना नहर का पानी शीघ्र उपलब्ध कराने जैसे मुद्दे शामिल हैं।

इसके अलावा केंद्र और विभिन्न राज्य सरकारों की कृषि संबंधी नीतियों पर भी संगठन की ओर से चर्चा की जाएगी।

भविष्य के किसान आंदोलन की रणनीति बनेगी

बैठक के दौरान आगामी किसान आंदोलनों की रूपरेखा तैयार करने के साथ-साथ अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय सम्मेलन की तिथि पर भी निर्णय लिया जाएगा।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...