चिड़ावा,मनीष शर्मा। अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) ने प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अधिकारियों के स्थानांतरण एवं नई पदस्थापनाओं के आदेश जारी किए हैं। निगम मुख्यालय, अजमेर द्वारा जारी आदेशों के तहत माया लाल को सहायक अभियंता (एईएन) ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस (ओ एंड एम), चिड़ावा के पद पर नियुक्त किया गया है।
निगम की ओर से जारी आदेशों के अनुसार यह नियुक्ति प्रशासनिक आवश्यकताओं तथा विभागीय कार्यों के सुचारू संचालन को ध्यान में रखते हुए की गई है। आदेशों के अनुपालन की प्रक्रिया विभागीय स्तर पर तत्काल प्रभाव से शुरू कर दी गई है।
बिजली व्यवस्था को मिलेगा नया प्रशासनिक नेतृत्व
एईएन (ओ एंड एम) के रूप में माया लाल की नियुक्ति के बाद चिड़ावा क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति, संचालन और रखरखाव से जुड़े कार्यों के बेहतर समन्वय की उम्मीद जताई जा रही है। विभाग का मानना है कि नई जिम्मेदारी से तकनीकी कार्यों की निगरानी और सेवा गुणवत्ता में सुधार होगा।
शिकायतों के निस्तारण में आने की उम्मीद
विभागीय अधिकारियों के अनुसार नई नियुक्ति से उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित निस्तारण, विद्युत तंत्र के रखरखाव तथा फील्ड स्तर पर कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन में गति आएगी। इसे प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।






