चिड़ावा,मनीष शर्मा। शहर में संचालित न्यू क्रिश डिफेंस एकेडमी के संचालक ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कराया है। शिकायत के अनुसार आरोपी ने स्वयं को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताते हुए फोन कॉल और वॉइस मैसेज के माध्यम से लगातार धमकियां दीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले 2 करोड़, फिर 5 करोड़ रुपये की मांग का आरोप
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, एकेडमी संचालक विकास कुल्हरी, निवासी स्वामी सेही, ने शिकायत में बताया कि 19 जून से एक मोबाइल नंबर से लगातार कॉल और वॉइस मैसेज आ रहे थे।
शिकायत के मुताबिक, कॉल करने वाले ने पहले 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी और रकम नहीं देने पर सिर में गोली मारने की धमकी दी। परिवादी का आरोप है कि बाद में आरोपी ने दोबारा संपर्क कर रंगदारी की मांग बढ़ाकर 5 करोड़ रुपये कर दी।
परिवार की जानकारी बताकर बनाया दबाव
शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने दावा किया कि उसे कोचिंग संस्थान और परिवार से जुड़ी पूरी जानकारी है। उसने परिवादी की पत्नी के डाकघर में कार्यरत होने का भी उल्लेख किया, जिससे परिवार में भय का माहौल बन गया।
परिवादी के अनुसार, आरोपी ने अपना नाम सुंदर हांसी बताया और यह भी कहा कि उसकी ओर से एक व्यक्ति लगातार निगरानी कर रहा है तथा मौका मिलते ही गोली मार दी जाएगी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
परिवादी ने पुलिस से अपनी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
चिड़ावा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 308(4) एवं 111(2)(ख) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच एसआई कैलाशचंद्र को सौंपी गई है।
पुलिस के अनुसार, कॉल डिटेल, मोबाइल नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।






