चिड़ावा। चिड़ावा स्थित विद्युत विभाग कार्यालय में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक एक सांप कार्यालय परिसर में घुस आया। सांप को देखते ही कर्मचारियों में हड़कंप मच गया, जिसके बाद उसे सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास शुरू किए गए।
कर्मचारियों और स्थानीय युवक ने दिखाई सूझबूझ
घटना की जानकारी मिलते ही कार्यालय के कर्मचारी सक्रिय हो गए। इस दौरान एआरओ सुरेश कुमार के साथ कार्यालय में अपने निजी कार्य से आए चिड़ावा निवासी नवीन सोनी ने भी रेस्क्यू अभियान में सहयोग किया।
सभी के संयुक्त प्रयास से सांप को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित पकड़ लिया गया।
सुरक्षित स्थान पर छोड़ा गया सांप
रेस्क्यू के बाद सांप को कार्यालय परिसर से दूर एक सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया। समय रहते सांप को पकड़ लेने से किसी कर्मचारी या आमजन को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
घटना के बाद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली और रेस्क्यू में सहयोग करने वाले सभी लोगों की सराहना की।





