चिड़ावा, मनीष शर्मा झुंझुनूं जिले के चिड़ावा उपखंड को नई उपखंड अधिकारी (एसडीएम) मिल गई हैं। राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) की अधिकारी किरण पाल ने मंगलवार को चिड़ावा एसडीएम पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया। उनके पदभार संभालने के साथ ही प्रशासनिक हलकों और आमजन में नई उम्मीदें जगी हैं।
राज्य सरकार द्वारा हाल ही में किए गए बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत राजस्थान प्रशासनिक सेवा के 178 अधिकारियों के तबादले किए गए थे। इसी क्रम में चिड़ावा के एसडीएम डॉ. नरेश सोनी का स्थानांतरण किया गया और किरण पाल को नई एसडीएम के रूप में नियुक्त किया गया।
वल्लभनगर से चिड़ावा तक का सफर
किरण पाल इससे पहले उदयपुर जिले के वल्लभनगर में कार्यरत थीं। उपलब्ध सेवा विवरण के अनुसार वे उदयपुर जिले के नयागांव में भी उपखंड अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।
इसके अलावा उन्होंने श्रीगंगानगर में सहायक कलेक्टर प्रशिक्षण और जयपुर स्थित हरिश्चंद्र माथुर लोक प्रशासन संस्थान में प्रशासनिक प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
युवा अधिकारी के रूप में पहचान
अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी कैलाश सिंह कविया के अनुसार किरण पाल ने वर्ष 2024 की यूपीएससी परीक्षा में तीसरा स्थान प्राप्त किया था। प्रशासनिक सेवाओं में उनकी पहचान एक युवा और प्रतिभाशाली अधिकारी के रूप में की जाती है।
उनकी नियुक्ति को प्रशासनिक दक्षता और जनसेवा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
क्षेत्रवासियों को बेहतर प्रशासन की उम्मीद
किरण पाल के पदभार ग्रहण करने के बाद चिड़ावा क्षेत्र में राजस्व मामलों के निस्तारण, कानून-व्यवस्था, जनसुनवाई और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में और अधिक गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।





