चिड़ावा,मनीष शर्मा। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से चिड़ावा थाना पुलिस ने शनिवार को विभिन्न कैफे और होटलों में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान कई प्रतिष्ठानों की तलाशी ली गई और कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।
थानाधिकारी राजेंद्र कुमार मीणा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने एक साथ कई स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दस्तावेजों और गतिविधियों की जांच की।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर हुई कार्रवाई
थानाधिकारी राजेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर यह अभियान चलाया गया। जांच के दौरान मिले कुछ संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है।
संचालकों को दी सख्त चेतावनी
पुलिस ने कैफे और होटल संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में उनके प्रतिष्ठानों में किसी भी प्रकार की अवैध या संदिग्ध गतिविधि पाई गई, तो उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शहर में अपराध नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
पुलिस टीम रही मौजूद
इस अभियान में एसआई कैलाश चंद्र, एएसआई सुभाष, हेड कांस्टेबल राजवीर, अमित भाटिया, आसूचना अधिकारी महेंद्र यादव, कांस्टेबल प्रदीप, महेंद्र कुमार, विकास तथा कालिका यूनिट की प्रमिला और रेणुका सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।






