चिड़ावा स्थित जमनादास अडूकिया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय से जुड़े तीन भामाशाहों को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाएगा। 29 जून को झुंझुनूं में आयोजित होने वाले समारोह में शिक्षा विभाग की ओर से उन्हें ‘शिक्षा श्री’ उपाधि प्रदान की जाएगी।
विद्यालय के संस्था प्रधान प्रदीप मोदी ने बताया कि समाज के सहयोग से विद्यालय में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार संभव हुआ है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा यह सम्मान समाज की शिक्षा में भागीदारी को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
विद्यालय विकास में दिया उल्लेखनीय योगदान
संस्था प्रधान के अनुसार शशिकांत रामगोपाल मिश्रा ने विद्यालय के उत्तरी दिशा में भव्य प्रवेश द्वार के निर्माण में सहयोग प्रदान किया।
वहीं प्रदीप मोदी ने विद्यालय की भौतिक सुविधाओं के विस्तार के साथ पुराने बालिका शौचालय के निर्माण एवं सुधार कार्य में सहयोग दिया। इसके अलावा प्रतिभा स्वामी ने विद्यालय में विभिन्न आधारभूत सुविधाओं के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देकर शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई।
29 जून को होगा सम्मान समारोह
शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित जिला स्तरीय समारोह में इन तीनों भामाशाहों को ‘शिक्षा श्री’ सम्मान से अलंकृत किया जाएगा।
विद्यालय परिवार ने सम्मानित होने वाले सभी भामाशाहों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय प्रशासन ने इसे संस्थान के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि ऐसे सहयोग से शिक्षा के क्षेत्र में समाज की भागीदारी और अधिक मजबूत होगी।






