झुंझुनूं। प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और कथित अनियमितताओं के मुद्दे को लेकर कांग्रेस के देशव्यापी ‘शिक्षा न्याय संवाद’ अभियान के तहत गुरुवार को झुंझुनूं के अंबेडकर भवन में संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व मंडावा विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष रीटा चौधरी ने किया, जिसमें जिलेभर से सैकड़ों विद्यार्थी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत कोटा में आयोजित राहुल गांधी के शिक्षा न्याय संवाद कार्यक्रम के प्रसारण से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने खुलकर अपनी समस्याएं और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर चिंताएं साझा कीं।
छात्रों ने साझा की पेपर लीक से जुड़ी चिंता
संवाद के दौरान कई विद्यार्थियों ने बार-बार पेपर लीक होने और परीक्षाओं में कथित धांधली के कारण भविष्य को लेकर बढ़ रही अनिश्चितता और मानसिक तनाव का मुद्दा उठाया।
एक छात्र ने कहा कि डॉक्टर बनने का सपना देखने वाले गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों के लिए बार-बार पेपर लीक होना केवल परीक्षा रद्द होना नहीं, बल्कि पूरे परिवार के सपनों पर चोट है।
रीटा चौधरी ने दिया न्याय की लड़ाई का भरोसा
विद्यार्थियों की बातें सुनने के बाद विधायक रीटा चौधरी ने कहा कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए प्रतियोगी परीक्षाएं केवल नौकरी का माध्यम नहीं, बल्कि उनके भविष्य की सबसे बड़ी उम्मीद होती हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं की चिंताओं को गंभीरता से उठाएगी और उनके अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक लड़ेगी।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में सरकार को जवाबदेही तय करनी चाहिए और युवाओं के विश्वास को बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला सह प्रभारी रियाजत खान, पीसीसी सदस्य सलीम सिगड़ी, पूर्व जिला अध्यक्ष सज्जन मिश्रा, पूर्व प्रधान शेर सिंह नेहरा, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राहुल जाखड़ सहित कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं युवा उपस्थित रहे।






