झुंझुनूं, झड़ाया बालाजी धाम में चल रहे 108 कुण्डीय श्रीराम महायज्ञ के सातवें दिन मंगलवार को राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े पहुंचे। उन्होंने बालाजी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की तथा महायज्ञ में विश्व कल्याण के लिए आहुति अर्पित की।
राज्यपाल का आगमन पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे हुआ। महायज्ञ सेवा समिति और संत-महात्माओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने बालाजी महाराज को चोला अर्पित कर वैदिक विधि-विधान से पूजा की।
महायज्ञ में दी आहुति, विश्व शांति की कामना
पूजा-अर्चना के बाद राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े यज्ञशाला पहुंचे, जहां उन्होंने 108 कुण्डीय श्रीराम महायज्ञ में आहुति दी। इस दौरान उन्होंने विश्व शांति, जनकल्याण और पर्यावरण शुद्धि की कामना की।
यज्ञशाला में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच धार्मिक वातावरण बना रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा पर दिया संदेश
कथा पांडाल में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल का सम्मान किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और सामाजिक मूल्यों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि धर्म और संस्कार हमारी पहचान हैं तथा इन्हें आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी का दायित्व है। महायज्ञ जैसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक चेतना का संचार करते हैं।
रामायण-महाभारत और भारतीय ज्ञान परंपरा का किया उल्लेख
राज्यपाल ने अपने उद्बोधन में रामायण और महाभारत को विश्व की अमूल्य धरोहर बताते हुए भारतीय दर्शन और ज्ञान परंपरा की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने गीता प्रेस के संस्थापक हनुमान प्रसाद पोद्दार के जीवन का उल्लेख करते हुए समाज सेवा को सर्वोच्च आदर्श बताया।
उन्होंने महर्षि पतंजलि के योग दर्शन का भी उल्लेख किया और कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा आज पूरी दुनिया को दिशा देने की क्षमता रखती है।
श्रीराम के आदर्शों को अपनाने का आह्वान
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने भगवान श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि श्रीराम ने सदैव समाज और लोककल्याण को प्राथमिकता दी तथा न्याय, मर्यादा और कर्तव्य का सर्वोच्च उदाहरण प्रस्तुत किया।
उन्होंने श्रद्धालुओं से श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया और राजस्थान में अच्छी वर्षा की कामना भी व्यक्त की।
25 जून तक चलेगा महायज्ञ
महायज्ञ सेवा समिति के अध्यक्ष मदनलाल भावरिया ने सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि झड़ाया बालाजी धाम में 17 जून से शुरू हुआ 108 कुण्डीय श्रीराम महायज्ञ 25 जून तक चलेगा।
महायज्ञ में प्रतिदिन प्रदेश के विभिन्न जिलों सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है।





