झुंझुनूं। झुंझुनूं जिले के बुहाना उपखंड के भुरीवास गांव के निवासी एवं भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में तैनात सब इंस्पेक्टर रणवीर सिंह (41) का गुरुवार को सड़क हादसे में निधन हो गया। छुट्टी पर घर आए रणवीर सिंह की असामयिक मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रणवीर सिंह बाइक से भुरीवास से कुहाड़वास रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक कार से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद निकलेगी तिरंगा यात्रा
हादसे के बाद उनके पार्थिव शरीर को बुहाना के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पूरे राजकीय सम्मान और श्रद्धांजलि के साथ बुहाना से तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।
गांव और जिले में शोक का माहौल
रणवीर सिंह भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में सब इंस्पेक्टर के पद पर देश की सेवा कर रहे थे। उनके निधन की खबर से भुरीवास गांव, बुहाना क्षेत्र और पूरे झुंझुनूं जिले में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।






