झुंझुनूं जिले के मेहाड़ा थाना पुलिस ने ढोसी गांव में ट्रैक्टर से कुचलकर पिता की हत्या करने के मामले का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी बेटे शमशेर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी खेतड़ी राजेन्द्र कुमार बुरड़क के सुपरविजन में थानाधिकारी राममनोहर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

घरेलू विवाद के चलते हुई हत्या

पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को हरियाणा के बाढ़ड़ा निवासी राकेश ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके साले शमशेर सिंह ने 25 जून की रात अपने पिता महावीर को गांव की सार्वजनिक धर्मशाला से घसीटकर बाहर सड़क पर लाया और मारपीट करने के बाद ट्रैक्टर से कई बार कुचलकर उनकी हत्या कर दी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पिता-पुत्र के बीच पिछले दो-तीन वर्षों से घरेलू विवाद चल रहा था।

मेडिकल बोर्ड से कराया पोस्टमार्टम

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाए। मृतक के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

पूछताछ में कबूला जुर्म

पुलिस ने आरोपी शमशेर सिंह को घटना के 24 घंटे के भीतर हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे 27 जून को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

मामले की आगे की जांच जारी है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...