छात्रों के लिए राहत: 29 जून से लंबित छात्रवृत्ति आवेदनों के निस्तारण का विशेष अभियान
झुंझुनूं। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत लंबित छात्रवृत्ति आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के लिए 29 जून से 3 जुलाई 2026 तक विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। अभियान का उद्देश्य पात्र विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति का लाभ उपलब्ध कराना है।
विभाग के उप निदेशक डॉ. पवन पूनियां ने बताया कि यह अभियान शैक्षणिक सत्र 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के लंबित आवेदनों के त्वरित निस्तारण के लिए संचालित किया जाएगा।
लंबित आवेदनों को मिलेगी प्राथमिकता
अभियान के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षण संस्थानों और विभागीय कार्यालयों में लंबित छात्रवृत्ति आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए जिले के सभी राजकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
दस्तावेजों की कमी जल्द करें पूरी
विभाग ने बताया कि जिन विद्यार्थियों के आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि या दस्तावेजों की कमी है, वे अपने संबंधित शिक्षण संस्थान अथवा जिला सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज जमा करें, ताकि उनका आवेदन समय पर स्वीकृत हो सके।
विभाग ने की अपील
विभाग ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का अधिकतम लाभ उठाएं और लंबित आवेदन समय पर पूर्ण करवाएं, ताकि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ बिना देरी मिल सके।






