नाबार्ड सीजीएम ने परखी सहकारी बैंक की व्यवस्था, डेयरी समितियों को मिले माइक्रो एटीएम
झुंझुनूं। नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक डॉ. आर. रवि बाबू ने झुंझुनूं केंद्रीय सहकारी बैंक का निरीक्षण कर बैंक की कार्यप्रणाली, वित्तीय समावेशन गतिविधियों तथा किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न बैंकिंग योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डिजिटल बैंकिंग के विस्तार पर दिया जोर
डॉ. रवि बाबू ने बैंकिंग सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सुदृढ़ और जनहितकारी बनाने पर बल देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि आधुनिक बैंकिंग सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना समय की जरूरत है।
डेयरी समितियों को मिले माइक्रो एटीएम और रूपे कार्ड
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक डेयरी सहकारी समितियों को डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के विस्तार के उद्देश्य से माइक्रो एटीएम वितरित किए गए। इसके साथ ही वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए समिति सदस्यों को रूपे डेबिट कार्ड भी प्रदान किए गए, ताकि ग्रामीण उपभोक्ताओं को बैंकिंग सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो सकें।
अधिकारियों ने प्रस्तुत की कार्ययोजना
बैंक अधिकारियों ने नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक को बैंक की उपलब्धियों, विभिन्न योजनाओं की प्रगति तथा भविष्य की कार्ययोजना की जानकारी दी। अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहकारिता आधारित बैंकिंग सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।






