मुख्यमंत्री ब्याज राहत योजना का अंतिम मौका, 30 जून तक जमा करें बकाया राशि
झुंझुनूं। मुख्यमंत्री अवधिपार ब्याज राहत एकमुश्त समझौता योजना 2025-26 का लाभ लेने के लिए पात्र ऋणियों के पास अब अंतिम अवसर बचा है। झुंझुनूं सहकारी भूमि विकास बैंक लिमिटेड ने सभी पात्र सदस्यों से 30 जून 2026 तक अपनी बकाया राशि जमा कर राज्य सरकार द्वारा दी जा रही ब्याज राहत का लाभ उठाने की अपील की है।
बैंक सचिव दीपेंद्र शेखावत ने बताया कि राज्य सरकार ने बजट वर्ष 2025-26 में इस योजना की शुरुआत अवधिपार ऋणियों को ब्याज में राहत देकर आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से की थी। योजना के तहत पात्र सदस्य एकमुश्त समझौते के माध्यम से ब्याज में उल्लेखनीय छूट प्राप्त कर सकते हैं।
जिले के 162 सदस्यों ने लिया योजना का लाभ
दीपेंद्र शेखावत के अनुसार झुंझुनूं जिले में भूमि विकास बैंक के कुल 299 ऋणी सदस्य इस योजना के लिए पात्र हैं। इनमें से 27 जून 2026 तक 162 सदस्यों ने 266.50 लाख रुपये जमा कराए हैं, जिसके बदले उन्हें 305.13 लाख रुपये की अवधिपार ब्याज छूट का लाभ मिला है।
उन्होंने बताया कि शेष पात्र सदस्य भी अंतिम तिथि से पहले बकाया राशि जमा कर इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
दीर्घकालीन कृषि ऋणों के लिए भी विशेष योजना
बैंक सचिव ने बताया कि वर्ष 2014-15 से वितरित दीर्घकालीन कृषि ऋणों के अवधिपार मामलों के लिए भी विशेष एकमुश्त समझौता योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत वे ऋणी सदस्य पात्र हैं, जो 1 जुलाई 2024 को अवधिपार श्रेणी में थे और 1 जुलाई 2025 तक भी उसी श्रेणी में बने रहे।
इस विशेष योजना का लाभ लेने की अंतिम तिथि भी 30 जून 2026 निर्धारित की गई है।
बैंक ने की समय रहते आवेदन करने की अपील
दीपेंद्र शेखावत ने सभी पात्र ऋणियों से आग्रह किया कि वे अंतिम दिन का इंतजार न करें। अपने संबंधित भूमि विकास बैंक शाखा अथवा प्रधान कार्यालय में समय रहते संपर्क कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करें, ताकि राज्य सरकार द्वारा दी जा रही ब्याज राहत का अधिकतम लाभ मिल सके।






