झुंझुनूं। 28 जून को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन और जनजागरूकता के उद्देश्य से शनिवार को झुंझुनूं में नर्सिंग प्रशिक्षु छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली। रैली को शहीद पार्क से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान आरसीएचओ डॉ. दयानंद सिंह, एएनएमटीसी प्रिंसिपल संतोष सैनी, डीपीओ सियाराम पूनिया, डीपीसी डॉ. महेश कड़वासरा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कार्मिक मौजूद रहे।
28 जून को होगा अभियान का शुभारंभ
सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने बताया कि रविवार, 28 जून को जिला कलक्टर डॉ. अरुण गर्ग पुलिस लाइन के सामने स्थित झुग्गी बस्ती में बनाए गए पोलियो बूथ पर सुबह 9 बजे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत करेंगे।
जिले के 1.66 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दवा
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अभियान के तहत 5 वर्ष तक की आयु के लगभग 1 लाख 66 हजार बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जाएगी।
सीएमएचओ ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर लेकर अवश्य जाएं और ‘दो बूंद जिंदगी की’ पिलाकर उन्हें पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखें।






