झुंझुनूं शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित अणगासर रोड पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में निर्माण कार्य कर रहे एक मिस्त्री की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक निर्माणाधीन मकान की छत पर काम कर रहा था, तभी वह पास से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करंट लगते ही जोरदार धमाका हुआ और युवक छत से उछलकर नीचे गली में बने नाले में जा गिरा। आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
धमाके की आवाज सुनकर दौड़े लोग
घटना सुबह करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद नाले से युवक को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए बीडीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
मृतक था परिवार का इकलौता कमाने वाला
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 45 वर्षीय रतन नायक के रूप में हुई है, जो मिस्त्री का कार्य करते थे। परिजनों के अनुसार रतन नायक परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे।
उनके परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और आजीविका को लेकर भी चिंता गहरा गई है।
धरने के बाद मुआवजे पर बनी सहमति
हादसे के बाद परिजन और समाज के लोग बीडीके अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठ गए। इस दौरान आरएलपी नेता राजेंद्र फौजी के नेतृत्व में प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ वार्ता हुई।
वार्ता के बाद विभिन्न मदों से आर्थिक सहायता देने पर सहमति बनी।
परिवार को मिलेगी आर्थिक सहायता
समझौते के अनुसार बिजली विभाग की ओर से 11 लाख रुपये, चिरंजीवी योजना के तहत 5 लाख रुपये, मजदूर कार्ड के माध्यम से 5 लाख रुपये तथा जिस व्यक्ति के पास रतन नायक कार्यरत थे, उसकी ओर से 2.5 लाख रुपये की सहायता राशि देने का निर्णय लिया गया।
इसके अलावा तहसीलदार महेंद्र मूंड ने मृतक के परिवार के एक सदस्य को योग्यता के अनुसार संविदा अथवा उपलब्ध अवसर पर रोजगार दिलाने का आश्वासन भी दिया।





