राजस्थान में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश और अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा के पर्यवेक्षण में 4 जून से 23 जून तक पूरे प्रदेश में व्यापक कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 1,58,517 वाहनों के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई की गई।
अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना और नियमों की अनदेखी करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई करना है।
ब्लैक फिल्म और फैंसी नंबर प्लेट पर सबसे ज्यादा कार्रवाई
विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न प्रकार के यातायात नियम उल्लंघनों पर सख्ती दिखाई। आंकड़ों के अनुसार—
- 58,965 वाहनों पर ब्लैक फिल्म लगाने के मामले में कार्रवाई।
- 40,367 वाहनों पर नियम विरुद्ध (फैंसी/अवैध) नंबर प्लेट मिलने पर चालान।
- 22,269 वाहनों पर अनाधिकृत शब्द, चिन्ह और लेखन के मामले।
- 16,190 वाहनों में अवैध बॉडी या चेसिस परिवर्तन पर कार्रवाई।
- 12,224 वाहनों पर अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर और हूटर का उपयोग।
- 8,502 वाहनों पर प्रेशर और एयर हॉर्न के इस्तेमाल पर कार्रवाई।
एक दिन में कटे 7,416 चालान
अभियान के तहत केवल 23 जून को ही पूरे प्रदेश में 7,416 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
इस दौरान 2,617 ब्लैक फिल्म, 1,743 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 1,032 अनाधिकृत शब्द एवं चिन्ह, 987 अवैध मॉडिफिकेशन, 680 अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती एवं हूटर तथा 357 प्रेशर हॉर्न के मामलों में चालान किए गए।
जालौर और अजमेर रहे सबसे आगे
जिलावार कार्रवाई में जालौर 829 मामलों के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर रहा, जबकि अजमेर में 710 वाहनों पर कार्रवाई की गई।
वहीं जयपुर कमिश्नरेट के चारों जिलों और यातायात इकाई को मिलाकर 807 चालान किए गए। इनमें जयपुर पश्चिम में सबसे अधिक 465 कार्रवाई हुई। जयपुर ग्रामीण में भी 306 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई दर्ज की गई।
अभियान रहेगा जारी
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने कहा कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें, मानक अनुरूप वाहन चलाएं और सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवस्था बनाने में सहयोग करें।






