चिड़ावा। चिड़ावा से प्रकाशित हिंदी एवं राजस्थानी साप्ताहिक समाचार पत्र ‘शेखावाटी एक्सप्रेस’ के संपादक बृजेन्द्र अरड़ावतिया ‘बिरजू’ का शुक्रवार सुबह अहमदाबाद में निधन हो गया। वे 85 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से पत्रकारिता, साहित्य और सामाजिक जगत में शोक की लहर फैल गई।
वरिष्ठ पत्रकार एवं अन्वेषी लेखक महेश कुमार शर्मा ‘आजाद’ के अनुसार, शेखावाटी एक्सप्रेस के संस्थापक संपादक पुरुषोत्तम अश्रु के निधन के बाद बृजेन्द्र अरड़ावतिया ने लंबे समय तक समाचार पत्र का संपादन एवं प्रकाशन संभाला। उनके नेतृत्व में समाचार पत्र ने क्षेत्रीय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान बनाई।
पत्रकारिता के साथ साहित्य में भी दिया अहम योगदान
बृजेन्द्र अरड़ावतिया पत्रकारिता के साथ साहित्यिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहे। उनका जन्म 27 जुलाई 1941 (श्रावण शुक्ल तृतीया, विक्रम संवत 1998) को हुआ था। उन्होंने राजस्थानी भाषा में श्रीमद्भागवत गीता का अनुवाद किया, जिसका प्रकाशन गत वर्ष हुआ और साहित्य जगत में इसे सराहना मिली।
क्षेत्रीय पत्रकारिता के लिए अपूरणीय क्षति
जीवन के अंतिम वर्षों में वे अहमदाबाद में रह रहे थे। शुक्रवार सुबह उनके निधन के बाद पत्रकारों, साहित्यकारों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
क्षेत्रीय पत्रकारिता और साहित्य में उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।






