उदयपुरवाटी,कैलाश बबेरवाल। राजस्थान पेंशनर समाज की तहसील उप शाखा ने सोमवार को सेवानिवृत्त पेंशनर्स की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर उपखंड अधिकारी (SDM) को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में विशेष रूप से राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (RGHS) के तहत जारी होने वाली चिकित्सा पर्ची को आधार आधारित बायोमैट्रिक प्रणाली से जारी करने की मांग की गई।
संगठन का कहना है कि इस व्यवस्था के लागू होने से वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स को बार-बार होने वाली व्यावहारिक परेशानियों से राहत मिलेगी और पूरी प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी तथा सुविधाजनक बन सकेगी।
पेंशनर्स ने रखीं प्रमुख मांगें
राजस्थान पेंशनर समाज के पदाधिकारियों ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि वर्तमान व्यवस्था में कई बुजुर्ग पेंशनर्स को चिकित्सा पर्ची प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में आधार आधारित बायोमैट्रिक प्रणाली लागू होने से पात्र लाभार्थियों को समय पर और सुगमता से सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने प्रशासन से इस मांग को राज्य सरकार तक पहुंचाने और आवश्यक कार्रवाई कराने का आग्रह किया।
अधिकारियों ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
ज्ञापन सौंपने के दौरान अधिकारियों ने पेंशनर समाज के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि इस विषय में संबंधित उच्चाधिकारियों से आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये रहे मौजूद
राजस्थान पेंशनर समाज तहसील उप शाखा के सचिव नरेंद्र सिंह ने बताया कि ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के अध्यक्ष सीताराम सैनी, कोषाध्यक्ष रामेश्वर लाल पटवारी, रामेश्वर लाल, विद्याधर सैनी, बनवारी मीणा, महेश सिंह पंवार, जगदीश कुमावत सहित अनेक वरिष्ठ पेंशनर्स उपस्थित रहे।






