झुंझुनूं। उदयपुरवाटी थाना पुलिस ने वर्ष 2013 के चर्चित नकबजनी मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 13 वर्षों से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी महेश उर्फ बालम को गिरफ्तार किया है। आरोपी को 28 जून 2026 को प्रोडक्शन वारंट के जरिए नीमकाथाना कारागृह से गिरफ्तार किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर (IPS) के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत (RPS) के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी सुगन सिंह (RPS) के सुपरविजन में उदयपुरवाटी थाना प्रभारी रामपाल मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने की।
2013 में हवेली से तिजोरियां चोरी हुई थीं
पुलिस के अनुसार, 2 जून 2013 को परिवादिया श्रीमती कलावती देवी और संतोष देवी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 और 2 जून 2013 की मध्यरात्रि अज्ञात चोर उनकी हवेली का ताला तोड़कर दो तिजोरियां चोरी कर ले गए थे। तिजोरियों में सोने-चांदी के जेवरात और नकदी रखी हुई थी।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
13 साल से था फरार, घोषित था इनामी
जांच के दौरान आरोपी महेश उर्फ बालम लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस ने उस पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
लगातार तलाश के बाद पुलिस टीम ने आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर नीमकाथाना कारागृह से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी से मामले में पूछताछ और अनुसंधान जारी है।
सीकर का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेश उर्फ बालम (55 वर्ष) पुत्र रामेश्वर, निवासी नयाबास, थाना कोतवाली नीमकाथाना, जिला सीकर के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।






