नई दिल्ली/जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान और हरियाणा के बीच हुए बहुप्रतीक्षित यमुना जल परियोजना समझौते को जल इतिहास का “स्वर्णिम अध्याय” बताते हुए कहा कि यह केवल जल बंटवारे का करार नहीं, बल्कि करोड़ों प्रदेशवासियों के उज्ज्वल भविष्य, जल सुरक्षा और समृद्धि की मजबूत आधारशिला है।
नई दिल्ली स्थित जोधपुर हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 30 वर्षों से लंबित इस परियोजना का साकार होना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्र-राज्य सरकारों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है।
34 हजार करोड़ से अधिक की परियोजना, शेखावाटी को होगा बड़ा लाभ
मुख्यमंत्री ने बताया कि करीब 34,102 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना विशेष रूप से शेखावाटी अंचल सहित प्रदेश के जल संकटग्रस्त क्षेत्रों के लिए दीर्घकालिक समाधान लेकर आएगी।
उन्होंने कहा कि परियोजना के माध्यम से लाखों परिवारों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध होगा, भूजल पर निर्भरता कम होगी, जल संरक्षण को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
उद्योग, कृषि और रोजगार को मिलेगी नई ताकत
मुख्यमंत्री के अनुसार जल उपलब्धता बढ़ने से उद्योगों के लिए बेहतर वातावरण तैयार होगा, निवेश आकर्षित होगा तथा कृषि और पशुपालन को नई ऊर्जा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जीवन स्तर बेहतर होगा और राज्य की दीर्घकालिक जल नीति को भी मजबूती मिलेगी।
केंद्र सरकार का जताया आभार
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में सहकारी संघवाद की भावना और मजबूत हुई है।
उन्होंने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन तथा केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल के तकनीकी और प्रशासनिक सहयोग की भी सराहना की।
समयबद्ध क्रियान्वयन का भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार परियोजना के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रत्येक चरण की नियमित समीक्षा की जाएगी ताकि परियोजना का लाभ जल्द से जल्द प्रदेश की जनता तक पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक परियोजना नहीं, बल्कि राजस्थान के भविष्य में किया गया एक ऐतिहासिक निवेश है, जो आने वाले वर्षों में प्रदेश के विकास, समृद्धि और जल सुरक्षा को नई दिशा देगा।






