पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड से जुड़े एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर मध्य प्रदेश की डॉक्टर मुस्कान सोनी पर बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। ऑल इंडिया डेंटल स्टूडेंट्स एंड सर्जन्स एसोसिएशन (AIDSA) ने उन्हें संगठन के पद और सदस्यता से तत्काल प्रभाव से पांच वर्ष के लिए निलंबित कर दिया है।
एसोसिएशन का आरोप है कि सोशल मीडिया पर साझा की गई उनकी पोस्ट संगठन की आचार संहिता और पेशेवर नैतिक मूल्यों के विपरीत थी।
किस पोस्ट पर हुआ विवाद?
रिपोर्ट के अनुसार डॉ. मुस्कान सोनी ने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी साझा की थी, जिसमें “I Hate Man” हैशटैग का इस्तेमाल किया गया था। इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर कई लोगों ने केतन अग्रवाल हत्याकांड के संदर्भ में आपत्तिजनक और आरोपी पक्ष का समर्थन करने वाला माना, जिसके बाद व्यापक आलोचना शुरू हो गई।
विवाद बढ़ने पर डॉ. सोनी ने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी, लेकिन AIDSA ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई जारी रखी।
AIDSA ने क्या कहा?
AIDSA के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. दिवाकर मूदौतिया द्वारा जारी आदेश में कहा गया कि किसी भी पदाधिकारी या सदस्य को ऐसे बयान या सोशल मीडिया पोस्ट की अनुमति नहीं दी जा सकती जो हिंसा को उचित ठहराते हों, उसका महिमामंडन करते हों या मृतक के प्रति अनादर प्रदर्शित करते हों। संगठन ने इसे अपनी “जीरो टॉलरेंस” नीति के अनुरूप कार्रवाई बताया।
आदेश के अनुसार डॉ. मुस्कान सोनी को मध्य प्रदेश इकाई के कोषाध्यक्ष पद से भी हटा दिया गया है।
पांच साल तक नहीं निभा सकेंगी संगठन की जिम्मेदारी
निलंबन अवधि के दौरान डॉ. मुस्कान सोनी किसी भी आधिकारिक क्षमता में AIDSA का प्रतिनिधित्व नहीं कर सकेंगी। उन्हें संगठन की बैठकों, सम्मेलनों और अन्य गतिविधियों में भाग लेने या सदस्यता से जुड़े अधिकारों का उपयोग करने की अनुमति भी नहीं होगी।
केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच जारी
उधर, पुणे में केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच जारी है। पुलिस विभिन्न तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है और मामले में कई नए पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।






