1 जुलाई से शुरू होगी वीबी-जी राम जी योजना

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री शनिवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित बैठक में ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों की प्रगति तथा वीबी-जी राम जी योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा कर रहे थे।

नए और लंबित मामलों की अलग सूची बनाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि शिविरों में आने वाले नए और लंबित प्रकरणों की अलग-अलग सूची तैयार की जाए। साथ ही इनका जिलेवार रिकॉर्ड भी तैयार किया जाए, ताकि प्रभावी मॉनिटरिंग की जा सके।

राजस्व मामलों का तुरंत निस्तारण हो

उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षों से लंबित राजस्व प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर ग्रामीणों को जल्द राहत प्रदान की जाए।

इसके साथ ही सभी विभागों के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

1 जुलाई से शुरू होगी वीबी-जी राम जी योजना

बैठक में मुख्यमंत्री ने विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी वीबी-जी राम जी योजना की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि 1 जुलाई से योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित मुख्यमंत्री कार्यालय, नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन, राजस्व तथा ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...