राजस्थान को 4 जुलाई को विकास और रोजगार से जुड़ी कई बड़ी सौगातें मिलने जा रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रस्तावित दौरे के तहत बालोतरा के पचपदरा पहुंचेंगे, जहां वे पचपदरा रिफाइनरी को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके साथ ही जयपुर मेट्रो फेज-2 का शिलान्यास तथा विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित समीक्षा बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
पचपदरा रिफाइनरी बनेगी विकास का नया केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी प्रदेश के औद्योगिक विकास, निवेश संवर्धन और रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना है। उन्होंने निर्देश दिए कि उद्घाटन समारोह से जुड़ी सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं।
साथ ही रिफाइनरी परिसर में सुरक्षा, निगरानी और अन्य व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
युवाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी सेवा में नियुक्ति पत्र प्राप्त करना युवाओं के जीवन का महत्वपूर्ण अवसर होता है।
उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत से लेकर जिला स्तर तक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं और आमजन को मुख्य समारोह से वर्चुअल माध्यम से जोड़ा जाए।
जयपुर मेट्रो फेज-2 सहित कई परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान जयपुर मेट्रो फेज-2 का शिलान्यास भी किया जाएगा। इसके अलावा प्रदेशभर में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित होंगे।
राज्य सरकार का उद्देश्य इस आयोजन को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखकर विकास, रोजगार और जनभागीदारी के उत्सव के रूप में मनाना है।
पर्यावरण संरक्षण और श्रमिक सम्मान पर भी फोकस
मुख्यमंत्री ने रिफाइनरी प्रबंधन को परिसर में सघन पौधारोपण अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से ईंधन संरक्षण और ऊर्जा बचत का संदेश भी आमजन तक पहुंचाया जाए।
साथ ही रिफाइनरी में कार्यरत श्रमिकों की सार्थक भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, पार्किंग, यातायात, सुरक्षा और आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, एचआरआरएल, एचपीसीएल और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।






