जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान और कल्याण के लिए बड़ी घोषणा करते हुए उनकी मासिक पेंशन 20 हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये तथा मासिक चिकित्सा सहायता 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 5 हजार रुपये करने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने राज्य कृषि प्रबंधन संस्थान ऑडिटोरियम, दुर्गापुरा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान और उनके कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
लोकतंत्र की रक्षा हम सभी की जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की भावना की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष और योगदान को राष्ट्र के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उनके सम्मान को सरकार की प्राथमिकता बताया।
युवाओं से किया आह्वान
भजनलाल शर्मा ने युवा पीढ़ी से लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष, त्याग और राष्ट्र सेवा की भावना से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को इन विभूतियों के योगदान को जानना और आत्मसात करना चाहिए।






