जयपुर। राजस्थान में मानसून अब रफ्तार पकड़ने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के जयपुर केंद्र के अनुसार 2 जुलाई से पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी, जबकि 3 जुलाई के आसपास मानसून के प्रवेश की प्रबल संभावना है। इसके साथ ही कई संभागों में तेज आंधी, मेघगर्जन और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

इन संभागों में 2 जुलाई से बढ़ेगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार उदयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर और जयपुर संभाग के कई हिस्सों में 2 जुलाई से मेघगर्जन, 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी।

बुधवार को भी इन क्षेत्रों में दोपहर बाद आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

4 और 5 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने 4 और 5 जुलाई को कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में निचले इलाकों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर परेशानी की स्थिति बन सकती है।

पश्चिमी राजस्थान में कब बदलेगा मौसम?

पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में फिलहाल मौसम अपेक्षाकृत शुष्क बना रहेगा। हालांकि 3 से 4 जुलाई के बीच यहां भी आंधी और बारिश की गतिविधियां शुरू होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार 3 से 6 जुलाई के बीच पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...