जयपुर। राजस्थान में मानसून की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने तात्कालिक मौसम चेतावनी (Nowcast) जारी करते हुए प्रदेश के कई जिलों में अगले कुछ घंटों के दौरान तेज बारिश, मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने विभिन्न जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के मध्य, पूर्वी और उत्तरी हिस्सों में सक्रिय मौसम प्रणाली के प्रभाव से मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिलेगा।
जयपुर समेत इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
आईएमडी के अनुसार जयपुर, कोटपूतली-बहरोड़, अजमेर, टोंक और भीलवाड़ा सहित प्रभावित क्षेत्रों में अगले कुछ घंटों के दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, मेघगर्जन और कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं से पेड़, होर्डिंग और कमजोर ढांचे प्रभावित हो सकते हैं। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है। लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।
शेखावाटी समेत कई जिलों के लिए येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सीकर, चूरू और झुंझुनूं सहित शेखावाटी क्षेत्र के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पाली, राजसमंद, कोटा, बारां, झालावाड़, सवाई माधोपुर, करौली, दौसा, अलवर, उदयपुर, सलूम्बर, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, नागौर और डीडवाना-कुचामन जिलों में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इन जिलों में खतरे का स्तर अपेक्षाकृत कम है, लेकिन मौसम विभाग ने स्थानीय लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
हरियाणा के कुछ इलाकों में भी बारिश की संभावना
आईएमडी के अनुसार अगले दो घंटों में नरवाना, राजौंद, असंध, सफीदों, बरवाला, जींद, गोहाना और सिवानी (हरियाणा) के साथ सिधमुख (राजस्थान) में भी हल्की बारिश होने की संभावना है।
चित्तौड़गढ़ और अलवर में हुई बारिश
समाचार लिखे जाने तक चित्तौड़गढ़ और अलवर में बारिश की सूचना सामने आई है। बारिश के बाद लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। अन्य जिलों में भी मौसम का असर धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।





