जयपुर। प्रदेश के 944 बीएड कॉलेजों में प्रवेश के लिए वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय (VMOU) द्वारा आयोजित पीटीईटी-2026 का परीक्षा परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिया गया। उपमुख्यमंत्री एवं उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने जयपुर में आयोजित कार्यक्रम में परिणाम जारी किया और सफल अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं।
परिणाम जारी होने के बाद उपमुख्यमंत्री ने टॉप रैंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों से मोबाइल पर बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. बी.एल. वर्मा एवं अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
भरतपुर और चूरू के अभ्यर्थी संयुक्त रूप से प्रथम
पीटीईटी-2026 में भरतपुर के कार्तिक कुमार गर्ग और चूरू के जयप्रकाश बिस्सू ने 600 में से 509 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया।
दूसरे स्थान पर उदयपुर के मनोज नागदा रहे, जिन्होंने 508 अंक प्राप्त किए। वहीं नागौर के युवराज ने 507 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
10 दिन में जारी हुआ परीक्षा परिणाम
उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षक प्रशिक्षण और रोजगारोन्मुख शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि सफल अभ्यर्थी भविष्य में आदर्श शिक्षक बनकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
उन्होंने वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय की टीम को परीक्षा के सफल आयोजन और मात्र 10 दिनों में समयबद्ध परिणाम जारी करने के लिए बधाई दी।
शिक्षक प्रशिक्षण को और मजबूत बनाने पर जोर
कुलगुरु प्रो. बी.एल. वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार उच्च शिक्षा और शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों से ज्ञान, कौशल और नैतिक मूल्यों के साथ एक आदर्श शिक्षक बनने का आह्वान किया।






