जयपुर। राजस्थान पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चलाया जा रहा विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। 4 जून से 28 जून 2026 तक चले इस अभियान के दौरान पुलिस ने 1,92,513 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की है। अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना और वीआईपी कल्चर तथा वाहनों में किए गए अवैध संशोधनों पर रोक लगाना है।
यह अभियान पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश तथा महानिदेशक (यातायात) अनिल पालीवाल के सुपरविजन में पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है।
ब्लैक फिल्म और फैंसी नंबर प्लेट पर सबसे ज्यादा कार्रवाई
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि अभियान के दौरान सबसे अधिक 69,786 वाहनों पर शीशों पर लगी अवैध ब्लैक फिल्म के कारण कार्रवाई की गई।
इसके अलावा—
- 48,271 मामलों में नियम विरुद्ध नंबर प्लेट एवं पंजीयन चिन्ह
- 26,930 मामलों में वाहनों पर अनधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन
- 21,333 मामलों में वाहन की बॉडी या चेसिस में अवैध परिवर्तन
- 15,863 मामलों में अनधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट और हूटर
- 10,330 मामलों में प्रेशर हॉर्न और एयर हॉर्न के उपयोग पर कार्रवाई की गई।
दो दिन में ही 15,479 वाहनों पर कार्रवाई
राजस्थान पुलिस ने पिछले दो दिनों में भी अभियान के तहत 15,479 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की।
इनमें 4,880 वाहनों पर अवैध ब्लैक फिल्म, 3,636 मामलों में नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 2,283 वाहनों में अवैध संरचनात्मक बदलाव, 2,221 मामलों में अनधिकृत शब्द एवं चिन्ह, 1,608 वाहनों पर अनधिकृत लाल-नीली बत्ती एवं हूटर तथा 851 मामलों में प्रेशर हॉर्न एवं एयर हॉर्न के खिलाफ कार्रवाई शामिल है।
नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई रहेगी जारी
डॉ. बी.एल. मीणा ने कहा कि सड़क सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध संशोधन या अनधिकृत उपकरणों का उपयोग न करें।
उन्होंने कहा कि सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजस्थान पुलिस का यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।






