Archive Notice: This article was originally published on 28 जून 2026.
Information, figures, and context may have changed since the time of publication.

चूरू जिले के छाजूसर निवासी एथलीट प्रवीण खौथ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियन गेम्स-2026 के लिए क्वालिफाई कर लिया है। उन्होंने ओडिशा के भुवनेश्वर में 24 से 28 जून तक आयोजित 65वीं नेशनल इंटर स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हैमर थ्रो स्पर्धा में रजत पदक जीतकर यह उपलब्धि हासिल की।

प्रवीण ने 69.58 मीटर का थ्रो कर दूसरा स्थान प्राप्त किया और जापान के आइची-नागोया में आयोजित होने वाले 20वें एशियन गेम्स-2026 के लिए अपना स्थान पक्का किया।

एशियन गेम्स में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

प्रवीण के पिता विजेंद्र सिंह खौथ ने बताया कि इस प्रदर्शन के साथ प्रवीण अब एशियन गेम्स-2026 में हैमर थ्रो स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह उपलब्धि चूरू जिले और राजस्थान के लिए गर्व का विषय है।

वर्तमान में प्रवीण उत्तर पश्चिम रेलवे में सीसीटीसी के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनके पिता चूरू पुलिस लाइन में सेवाएं दे रहे हैं।

पहले भी जीत चुके हैं अंतरराष्ट्रीय पदक

प्रवीण ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और कोच भरत सिंह को दिया। इससे पहले भी वे वर्ल्ड पुलिस गेम्स-2023 (कनाडा) में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर पर भी उन्होंने कई पदक अपने नाम किए हैं।

उनकी इस उपलब्धि पर राजेंद्र खौथ, कृष्ण ईशराण, मनीष कुमार, तेजपाल जाखड़, राकेश बेनीवाल, कुलदीप खौथ, श्रीचंद ईशराण सहित अनेक लोगों ने खुशी जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...