चंडीगढ़। हरियाणा में भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 2 जुलाई से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से हरियाणा में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। मौसम विभाग ने 2 से 4 जुलाई के बीच कई जिलों में अच्छी बारिश और तापमान में गिरावट की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 1 जुलाई और 5 जुलाई को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की या छिटपुट बारिश हो सकती है।
2 से 4 जुलाई तक तेज बारिश के आसार
IMD के मुताबिक, 2 से 4 जुलाई के दौरान हरियाणा के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज रहेगा। इससे पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव आएगा और कई इलाकों में तापमान सामान्य स्तर के करीब पहुंच सकता है।
इन जिलों में हुई बारिश, फिर भी गर्मी बरकरार
पिछले 24 घंटों में कैथल, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और नूंह सहित कई जिलों में हल्की बारिश, आंधी और तेज हवाएं दर्ज की गईं। इसके बावजूद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बना रहा।
भिवानी प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
आज भी कुछ इलाकों में लू की चेतावनी
मौसम विभाग ने 30 जून को भी हरियाणा के कुछ हिस्सों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, प्री-मानसून बारिश के बावजूद जून महीने में राज्य में सामान्य से 40 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है।
हालांकि, आगामी दिनों में मानसून के सक्रिय होने से बारिश की कमी काफी हद तक पूरी होने और मौसम के सुहावना होने की उम्मीद जताई जा रही है।






