आर्मी की वर्दी में अस्पतालों में घूमा, वायरल वीडियो ने खोल दी पूरी पोल!
झुंझुनू जिले में चिड़ावा के निजी अस्पतालों में खुद को सेना का विजिलेंस अधिकारी बताकर निरीक्षण करने पहुंचे व्यक्ति के मामले में नया मोड़ सामने आया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद उसकी पहचान डॉ. संदीप ढाका के रूप में होने का दावा किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि वह हरियाणा के भिवानी स्थित एक निजी अस्पताल में चिकित्सक के रूप में कार्यरत था।
जानकारी के अनुसार, संबंधित व्यक्ति बुधवार को सेना की लेफ्टिनेंट कर्नल रैंक जैसी वर्दी पहनकर चिड़ावा के तीन निजी अस्पतालों में पहुंचा। उसने खुद को दिल्ली से आया ईसीएचएस विजिलेंस अधिकारी बताते हुए मरीजों की ओपीडी, भर्ती और उपचार से जुड़े रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी।
जांच के नाम पर रुपए लेने के भी आरोप
सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान कुछ अस्पतालों से कथित रूप से रुपये लेने के आरोप भी सामने आए हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और जांच एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं।
वायरल वीडियो के बाद हुई पहचान
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर खबर और वीडियो वायरल होने के बाद भिवानी में लोगों ने संबंधित व्यक्ति की पहचान की। इसके बाद मामला सेना और संबंधित एजेंसियों के संज्ञान में पहुंचा।
अस्पताल ने किया निलंबित, जांच जारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिस निजी अस्पताल में संबंधित व्यक्ति कार्यरत था, वहां प्रबंधन ने उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, सेना मुख्यालय और संबंधित एजेंसियां भी मामले की जांच में जुटी हुई हैं।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। आरोपों और अन्य तथ्यों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।






