पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, मचा हड़कंप
झुंझुनू जिले के चिड़ावा शहर में अनैतिक एवं संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतों के बाद चिड़ावा थाना पुलिस ने होटल, लॉज और कैफे पर विशेष जांच अभियान तेज कर दिया है। थाना प्रभारी (सीआई) राजेंद्र कुमार मीणा के नेतृत्व में चल रही इस कार्रवाई के दौरान कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई और कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस टीम ने विभिन्न होटल, लॉज और कैफे में पहुंचकर ठहरे हुए लोगों के पहचान पत्र, होटल रजिस्टर और अन्य आवश्यक रिकॉर्ड की गहन जांच की। जांच के दौरान संदिग्ध प्रतीत होने वाले व्यक्तियों से पूछताछ की गई तथा आवश्यक जानकारी जुटाई गई।
पुलिस कार्रवाई से होटल और कैफे संचालकों में हड़कंप का माहौल देखने को मिला।सीआई राजेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि सभी होटल एवं कैफे संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का सत्यापन सुनिश्चित करें और निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन करें।
उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रतिष्ठान में अवैध या संदिग्ध गतिविधि पाई जाती है या नियमों की अनदेखी की जाती है, तो संबंधित संचालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस के अनुसार यह अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं है, बल्कि शहर में अपराध और अनैतिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से इसे नियमित रूप से जारी रखा जाएगा।पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।इस कार्रवाई में एसआई बलवीर, हेड कांस्टेबल जगदीप राव, कांस्टेबल विकास डारा सहित महिला पुलिसकर्मी भी शामिल रहीं। चिड़ावा से मनीष शर्मा की रिपोर्ट





