बिना तार का मीटर! झुंझुनूं में बिजली विभाग का ‘करंटलेस’ कारनामा

झुंझुनूं जिले के बगड़ क्षेत्र के मालीगांव में अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक किसान के घरेलू बिजली कनेक्शन के लिए पोल पर मीटर तो लगा दिया गया, लेकिन उस तक बिजली पहुंचाने के लिए लाइन के तार ही नहीं खींचे गए। इससे उपभोक्ता पिछले पांच महीने से कनेक्शन शुरू होने का इंतजार कर रहा है।

पीड़ित किसान रघुवीर सिंह का कहना है कि उन्होंने 5 फरवरी को घरेलू बिजली कनेक्शन के लिए निर्धारित डिमांड राशि जमा कराई थी। उनके अनुसार विभाग ने दो दिन पहले मीटर भी स्थापित कर दिया, लेकिन अब तक बिजली लाइन नहीं बिछाई गई।

किसान का आरोप फाइल गायब, सिर्फ आश्वासन

रघुवीर सिंह का आरोप है कि उनका कनेक्शन कागजों में पूरा दिखाया जा चुका है, जबकि मौके पर बिजली आपूर्ति की व्यवस्था नहीं है। उनका कहना है कि वे लगातार विभाग के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन केवल आश्वासन मिल रहा है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विभाग में उनकी फाइल भी गायब हो गई है। साथ ही कुछ अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

एईएन ने बताई लाइन नहीं खिंच पाने की वजह

इस मामले में बगड़ एईएन विजय सिंह का कहना है कि बिजली लाइन खींचने को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने बताया कि करीब 20 दिन पहले पुलिस सहायता मांगी गई थी। पुलिस सहयोग मिलते ही लाइन खींचकर कनेक्शन चालू कर दिया जाएगा।

तकनीकी प्रक्रिया पर उठे सवाल

सामान्य तकनीकी प्रक्रिया के अनुसार पहले बिजली लाइन और तार बिछाए जाते हैं। इसके बाद कार्य पूर्ण होने पर मीटर लगाकर कनेक्शन चालू किया जाता है। ऐसे में इस मामले में पहले मीटर लगाने और बाद में लाइन का इंतजार करने पर सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बिजली पहुंचाने के लिए तार ही नहीं थे, तो मीटर लगाने की जल्दबाजी क्यों की गई। अब सभी की नजर विभाग की अगली कार्रवाई पर है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...