पिपली चौक में बीच सड़क वारदात से सनसनी, गंभीर घायल को जयपुर किया गया रेफर

झुंझुनूं शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित पिपली चौक (मलसीसर रोड) पर आपसी विवाद के चलते एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, आबिद उर्फ फैसल (20) अपने दोस्तों के साथ वॉलीबॉल खेलकर घर लौट रहा था। इसी दौरान मोहल्ले का ही रहने वाला जासिम कुरैशी (21) कथित रूप से उसके पीछे आया और उस पर चाकू से कई वार कर दिए।

सड़क पर गिरा युवक, अस्पताल में कराया भर्ती

अचानक हुए हमले में फैसल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे संभाला और राजकीय बीडीके अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर कर दिया।

पहले से चल रहा था विवाद

पुलिस के अनुसार दोनों युवक एक ही मोहल्ले के निवासी हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पिछले कुछ दिनों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।

स्थानीय लोगों के अनुसार तीन-चार दिन पहले भी आरोपी ने घायल युवक को धमकी दी थी। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

आरोपी को परिजनों ने पुलिस को सौंपा

वारदात के बाद आरोपी के परिजनों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल युवक के बड़े भाई की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और घटनाक्रम से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

हाल ही में डकैती की घटना से भी चर्चा में रहा था इलाका

गौरतलब है कि पिपली चौक क्षेत्र हाल ही में हुई एक बड़ी डकैती की वारदात को लेकर भी चर्चा में रहा था। अब उसी क्षेत्र में हुई इस जानलेवा घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...