बंद मकान में चल रहा था जुए का खेल, पुलिस-डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई में तीन वाहन भी जब्त
झुंझुनूं पुलिस ने अवैध जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मंडावा कस्बे में फतेहपुर बाईपास रोड स्थित एक बंद मकान पर छापा मारकर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना मंडावा और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) की संयुक्त कार्रवाई में मौके से ₹1,01,670 नकद, 52 ताश के पत्ते तथा तीन वाहन जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुखबिर की सूचना पर दी गई दबिश
पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान सूचना मिली कि संजय परिहार के फतेहपुर बाईपास स्थित बंद मकान में सात-आठ व्यक्ति रुपये दांव पर लगाकर ताश खेल रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस और डीएसटी की टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारा।
मौके पर आठ लोग ताश के पत्तों पर जुआ खेलते मिले। उनके बीच रखी नकदी की गिनती करने पर कुल ₹1,01,670 बरामद हुए। मकान के बाहर खड़ी ऑल्टो, ब्रेजा और निशान कार भी जब्त की गई।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
- विकास (33) पुत्र मुरलीधर, निवासी वार्ड-1, फतेहपुर, जिला सीकर
- रामजीलाल (38) पुत्र बाबूलाल, निवासी वार्ड-46, फतेहपुर, जिला सीकर
- कृष्ण (39) पुत्र बजरंगलाल, निवासी वार्ड-53, चूरू
- राकेश (30) पुत्र सत्यवीर, निवासी हरपालू, जिला चूरू
- रमेश (28) पुत्र मदनलाल, निवासी दातारामगढ़, जिला सीकर
- मोहसीन (35) पुत्र याकूब, निवासी किरडोली, जिला सीकर
- विक्रम (38) पुत्र मुकुंदाराम, निवासी ढाका की ढाणी, जिला सीकर
- हरलाल (42) पुत्र रिछपाल, निवासी कुदन, जिला सीकर
पुलिस कर रही नेटवर्क की जांच
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि जुए के इस अड्डे का संचालन कब से किया जा रहा था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।





