युवक की संदिग्ध मौत से उबाल, ग्रामीणों ने शव रखकर रोका हाईवे
झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के उरीका गांव में संचालित एक कथित अवैध शराब की दुकान के पास युवक की संदिग्ध मौत के बाद शुक्रवार को तनाव की स्थिति बन गई। मृतक की पहचान संजय सिंह नायक के रूप में हुई है। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर करीब पांच घंटे तक प्रदर्शन किया और उरीका-सतनाली मार्ग जाम कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि मृतक को मजदूरी के बहाने शराब की दुकान पर बुलाया गया था। उनका दावा है कि मजदूरी के पैसों के विवाद के बाद उसके साथ मारपीट की गई और कथित रूप से जहरीली शराब पिलाई गई। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
पुलिस ने तोड़ा दुकान का ताला, आरोपी फरार
घटना की सूचना पर सूरजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बंद पड़ी दुकान का ताला तोड़कर अंदर जांच की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इस बीच दुकान संचालक और अन्य आरोपी मौके से फरार मिले। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लंबे समय से अवैध शराब की दुकानें संचालित हो रही हैं और कई बार शिकायत के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी, सभी अवैध शराब की दुकानों को बंद कराने, मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता तथा पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग की।
पांच घंटे बाद खुला जाम, मेडिकल बोर्ड करेगा पोस्टमार्टम
सूरजगढ़ थाना प्रभारी रणजीत सेवदा ने ग्रामीणों और परिजनों से लगातार वार्ता की। करीब पांच घंटे बाद पुलिस ने दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया है। रविवार को मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
सूरजगढ़ से मनीष शर्मा की रिपोर्ट






