दर्ज हुई एफआईआर, पुलिस वैज्ञानिक साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का कर रही है इंतजार

झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के स्यालू कलां गांव में एक 28 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, ससुराल पक्ष ने घटना को दुर्घटना बताया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

मृतका की पहचान मनीषा मेचू (28) के रूप में हुई है। उनके पिता रणवीर मेचू, निवासी कुलोठ कलां, ने सूरजगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

पिता ने लगाए दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोप

शिकायतकर्ता के अनुसार, मनीषा का विवाह 18 मई 2020 को स्यालू कलां निवासी मनोज के साथ हुआ था। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि विवाह के बाद से पति, सास, देवर और अन्य परिजन दहेज की मांग को लेकर मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे।

परिवादी का आरोप है कि 28 जून को उनकी पुत्री की हत्या कर उसे दुर्घटना का रूप देने की नीयत से घर के पीछे स्थित पानी की डिग्गी (कुंड) में डाल दिया गया। इन आरोपों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

ससुराल पक्ष ने बताया हादसा

दूसरी ओर, ससुराल पक्ष का कहना है कि मनीषा घर के पास स्थित डिग्गी पर नहाने गई थी, जहां उसका पैर फिसल गया और वह पानी में गिर गई। उनके अनुसार यह पूरी तरह एक दुर्घटनावश हुई घटना है और लगाए गए आरोप निराधार हैं।

पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार

घटना की सूचना पर सूरजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। रिटायर्ड नेवी गोताखोर मुकेश चौधरी और राजवीर चौधरी ने महिला को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद उसे सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोप शिकायतकर्ता पक्ष द्वारा लगाए गए हैं, जबकि ससुराल पक्ष घटना को हादसा बता रहा है। मामले की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।सूरजगढ़ से मनीष शर्मा की रिपोर्ट

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...