कुंड में प्लास्टिक कट्टे में मिले महिला के शव की शिनाख्त के साथ खुले कई राज
चूरू में महिला का शव प्लास्टिक कट्टे में मिला
चूरू, चूरू जिले के राजलदेसर कस्बे से करीब 12 किलोमीटर दूर थामड़ा जोहड़ के पास कुंड में एक प्लास्टिक कट्टे में मिले महिला के शव की मिस्ट्री खुल गई है।
परिवार का आरोप और फरार युवक
पुलिस ने शव की पहचान 40 वर्षीय बिरजू देवी के रूप में की है। महिला अपने पति की मौत के बाद तीन बच्चों को छोड़कर घर से 35 वर्षीय युवक के साथ फरार हुई थी। अब महिला के परिजन आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे है। महिला की पहचान गांव हरासर निवासी 40 वर्षीय बिरजू देवी के रूप में हुई है। मामले के अनुसार बिरजू देवी 7 नवंबर को एक युवक के साथ घर से भागी थी। महिला के पति की मौत 7 साल पहले हो चुकी थी और उसके 3 बच्चे भी हैं। बेटे गौतम मेघवाल ने बताया कि उसकी मां बिरजू देवी परसनेऊ निवासी 35 वर्षीय हंसराज के साथ घर से निकली थी। परिवार ने आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। बिरजू देवी का मोबाइल 11 नवंबर को बीदासर में मिला था, जिसके आधार पर बीदासर थाने में महिला की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
पुलिस जांच में सामने आए तथ्य
राजलदेसर थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस मृतका और युवक हंसराज के बीच संबंधों का पता लगा रही है। घर से निकलने के बाद से ही युवक हंसराज का मोबाइल भी स्विच ऑफ आ रहा है। मौके पर पहुंची एफएसएल टीम के अनुसार महिला का शव 8 से 10 दिन पुराना है। प्लास्टिक में बंद होने और पानी में रहने के कारण महिला की त्वचा गल चुकी है।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस महिला के बेटे की रिपोर्ट मिलने पर मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस हत्या के कारणों और इसमें शामिल लोगों की जांच कर रही है। शेखावाटी लाइव के लिए चूरू से सुभाष प्रजापत की रिपोर्ट