चूरू। रतनगढ़ थाना क्षेत्र के हरदेसर गांव में जहरीले सांप के डसने से 33 वर्षीय युवक जयप्रकाश चीनिया की मौत हो गई।
रतनगढ़ थानाधिकारी संदीप कुमार बिष्नोई ने बताया कि हरदेसर निवासी सांवताराम ने रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट के अनुसार, जयप्रकाश शनिवार रात गांव की रोही में स्थित अपने खेत पर पशुओं को संभालने के लिए गया था।
इसी दौरान खेत में उसे जहरीले सांप ने डस लिया।
हालत बिगड़ने पर चूरू किया रेफर
सांप के डसने की सूचना मिलने पर परिजन जयप्रकाश को तत्काल रतनगढ़ के जालान अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया।
हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने युवक को आगे के उपचार के लिए चूरू के डीबी अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे रात में ही डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड लेकर पहुंचे।
डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
डीबी अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने जयप्रकाश को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी पुलिस इमरजेंसी वार्ड पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया।
रविवार दोपहर सांवताराम मेघवाल की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग दर्ज की।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
पुलिस ने चूरू के डीबी अस्पताल में युवक के शव का पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।






