चूरू, श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया।
जयपुर से बीकानेर जा रही मिलन ट्रेवल्स की स्लीपर बस चारे से भरे ट्रक से टकरा गई, जिसके बाद बस और ट्रक दोनों में आग लग गई।
घना कोहरा बना हादसे की वजह
हादसा सुबह करीब 5:15 बजे श्रीडूंगरगढ़ पार करने के बाद सेसोमू स्कूल के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, तेज कोहरे के कारण आगे खड़ा ट्रक नजर नहीं आया और पीछे से आ रही बस उससे जा टकराई।
टक्कर के बाद लगी आग, मची अफरा-तफरी
टक्कर के तुरंत बाद ट्रक में भरे चारे (तूड़ी) में आग लग गई, जो तेजी से बस तक फैल गई।
बस में उस समय करीब 40 यात्री सवार थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इमरजेंसी गेट ने बचाई 40 जिंदगियां
हेड कॉन्स्टेबल बलवीर सिंह काजला ने बताया
आग लगते ही यात्रियों को बस के दो इमरजेंसी गेट और मुख्य गेट से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
इसी त्वरित कार्रवाई के चलते कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि यात्रियों का सारा सामान जल गया।
चालक घायल, बाकी सभी यात्री सुरक्षित
हादसे में बस चालक को चोटें आई, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर रेफर किया गया।
बाकी सभी यात्रियों को सुरक्षित बताया गया है।
दो घंटे बंद रहा हाईवे, दमकल ने पाया काबू
हादसे के बाद करीब दो घंटे तक यातायात बंद रहा।
फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
नई बस में था बड़ा इमरजेंसी गेट
बताया जा रहा है कि मिलन ट्रेवल्स की यह बस नई थी और इसमें शुरू से ही बड़ा इमरजेंसी गेट दिया गया था।
गौरतलब है कि जैसलमेर बस हादसे के बाद सरकार ने बसों में इमरजेंसी गेट अनिवार्य किए थे।
स्थानीय सबक
यह हादसा एक बार फिर साबित करता है कि
इमरजेंसी गेट और सुरक्षा मानक यात्रियों की जान बचाने में कितने अहम हैं।



