सरदारशहर, चूरू। सरदारशहर के आसलसर गांव में मंगलवार को सुरेंद्रसिंह राजपूत की ढाणी में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण ढाणी में रखा नकदी, आभूषण, अनाज और घरेलू सामान जल गया।
आग से करीब 1.50 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के गहने, 8 क्विंटल मोठ, 5 क्विंटल मूंग और घरेलू सामान के जलने की जानकारी सामने आई है।
किसानों ने मौके पर पहुंचकर बुझाई आग
ढाणी में आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के कई किसान मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों ने सोलर ट्यूबवेल चलाकर पानी का इंतजाम किया और काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया।
ग्रामीणों की तत्परता से आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोकने का प्रयास किया गया।
अगले महीने बेटी की शादी, परिवार के सामने बढ़ी परेशानी
गांव के बाबू खान ने बताया कि किसान सुरेंद्रसिंह अपनी ढाणी में रहते हैं। उनकी बेटी की अगले महीने शादी होनी है। ऐसे समय में आग लगने से नकदी, अनाज, आभूषण और घरेलू सामान के नुकसान के कारण परिवार के सामने आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई है।
पटवारी को दी घटना की सूचना
घटना की सूचना पटवारी संदीप मीणा को दे दी गई है। प्रशासन की ओर से जल्द ही आग से हुए नुकसान का सर्वे किए जाने की बात कही गई है। सर्वे के बाद नुकसान का वास्तविक आकलन सामने आएगा।
