बगड़। ज्योति माहेश्वरी फाउंडेशन द्वारा संचालित कृष्णादेवी माहेश्वरी फार्मेसी कॉलेज, बगड़ में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता और सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम में उन्नति फाउंडेशन, बैंगलोर के प्रशिक्षक दिनेश कुमार, एसएमटीआई अधीक्षक नरेश कुमार, बीआईटीओटी प्राचार्य कुंभाराम, केएमपीसी प्राचार्य डॉ. विवेक कौशिक, नवीन सैनी, बाबूलाल सैनी सहित शिक्षकगण, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
दीप प्रज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद विद्यार्थियों ने कविता, नाट्य, भाषण, पिक्शनरी गेम और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
विद्यार्थियों ने अपने संबोधनों में शिक्षकों को समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण और उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिक्षक विद्यार्थियों के भविष्य का निर्माण करते हैं
प्राचार्य डॉ. विवेक कौशिक ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि विद्यार्थियों को सही दिशा देकर उनके व्यक्तित्व और भविष्य का निर्माण करते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपने शिक्षकों का सदैव सम्मान करने और उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज के उत्थान में योगदान देने का आह्वान किया।
केक काटकर मनाया शिक्षक दिवस
कार्यक्रम के अंत में केक काटकर शिक्षक दिवस का उत्सव मनाया गया। इसके बाद प्रशिक्षणार्थियों ने शिक्षकों का सम्मान किया।
समारोह ने शिक्षक और विद्यार्थियों के बीच सम्मान, विश्वास और आत्मीयता के भाव को और मजबूत किया। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।






